धौलपुर | राजस्थान में भीषण रोड एक्सीडेंट में 4 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों में एक 8 साल का बच्चा भी शामिल है।
ये हादसा धौलपुर जिले के सदर थाना इलाके के बाड़ी रोड पर विश्नौदा गांव के पास हुआ। यह सभी कैला देवी दर्शन करने जा रहे थे कि अचानक सदर थाना क्षेत्र में एनएच 11 बी पर यह हादसा हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आगरा के रहने वाले 8 लोग करौली जिले में स्थित कैलादेवी के दर्शन के लिए जा रहे थे तभी स्विफ्ट कार और ट्रक में आमने सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
इस भीषण हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 4 गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 3 बच्चे और एक महिला शामिल हैं।