जालोर | जालोर जिले में सीजन के सबसे गर्म दिन पारा 47.3 डिग्री पहुंच गया। इस दिन हीट स्ट्रोक से जालोर में 4 और आहोर में 1 मौत हो गई। हालांकि प्रशासन व चिकित्सा विभाग ने देर शाम तक इसकी पुष्टि नहीं की। जिले में गर्मी से अब तक सात मौतें हो चुकी हैं। इधर, मौसम विभाग ने 26 मई तक गर्म हवा चलने का अलर्ट जारी किया है।
अस्पताल में चीत्कार थी, कलेक्टर और प्रभारी सचिव निर्माण देखते रहे
कलेक्टर पूजा पार्थ, जिले के प्रभारी सचिव विश्वमोहन शर्मा समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने गुरुवार को शहर में निरीक्षण किया। लेकिन
सामान्य चिकित्सालय में एक दिन में 5 मौतें होने के बावजूद हालात देखने नहीं आए।
- छांगाड़ी निवासी पोपटराम (popatram) (30 साल) पुत्र उकाराम (ukaram) प्रजापत गुरुवार को पत्नी का जालोर के एक निजी क्लीनिक पर उपचार करवाकर बाइक से उसके ससुराल छोड़ने गया। इस दौरान तबीयत बिगड़ गई। ससुराल वाले उसे जालोर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पोपटराम की 6 साल पहले ही शादी हुई थी। जिसकी दो बेटियां हैं।
- जालोर रेलवे स्टेशन पर नरपुरा निवासी सूरजदान की मौत हो गई। सूरजदान के परिवार में 80 वर्षीय मां के अलावा कोई नहीं है। वहीं रहने के लिए गांव में एक कच्चा मकान बना हुआ है। परिवार में सूरजदान की मौत के बाद अब उसकी मां को संभालने वाला कोई नहीं है।
- आहोर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी डॉ. पूरणमल मुणोत (Dr. pooranmal munot) ने बताया कि मुडाबालोतान निवासी चुनाराम (chunaram) (65) वर्ष पुत्र राजाजी (rajaji) मेघवाल की तबीयत बिगड़ने से परिजन आहोर अस्पताल लेकर आए, चुनाराम को तेज बुखार होने से सुमेरपुर के लिए रेफर किया। एंबुलेंस में सुमेरपुर ले जाते समय उम्मेदपुर के समीप चुनाराम ने दम तोड़ दिया।
- भैंसवाड़ा निवासी सोनाराम (sonaram) पिछले कुछ समय से जालोर के रेलवे स्टेशन के पास एफसीआई क्षेत्र में अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रहता था। पारिवारिक स्थिति खराब होने के कारण पति-पत्नी दोनों ही मजदूरी करते थे। सोनाराम रेलवे स्टेशन पर ही मजदूरी कर जीवन यापन कर रहा था।
- सांफाड़ा निवासी कमला देवी (kamala devi) (42 वर्ष) पत्नी लुम्बाराम गर्ग को अस्पताल लाया गया था। जिसकी जालोर के सामान्य चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं 10 दिन पहले ही कमलादेवी की मानसिक रूप से बीमार बेटी की मौत हुई थी।