नई दिल्ली | अक्सर आपने सुना होगा या पढ़ा होगा कि सर्दियों के दिनों में रात को कमरे में सिगड़ी जलाकर सोए परिवार की दम घुटने से मौत हो गई। लेकिन अब तो इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली खबर सामने आई है। इस खबर से लोगों में डर फैल गया है।
दरअसल, राजधानी दिल्ली में मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती जलाकर सोने से एक परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। जैसे ही ये खबर लोगों तक पहुंची तो सभी हैरान रह गए।
ये दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके की बताई जा रही है। यहां रहने वाले एक परिवार के 6 लोग शुक्रवार सुबह यानि आज मृत अवस्था में पाए गए हैं।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, ये लोग बीती रात को कमरे में मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती जलाकर सोए थे। कमरा बंद होने और धुंआ निकलने की व्यवस्था नहीं होने के कारण इससे उत्पन्न कार्बन मोनोऑक्साइड इनकी सांस के साथ अंदर जाता रहा और सभी की मौत हो गई।