जयपुर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर के व्यस्ततम बाजारों मेंं महिलाओं के लिए टॉयलेट निर्माण शुरू करवा उन्हें बड़ी राहत दी है। उन्होंने चूड़ी बाजार में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट की नीवं रखी।
यह टॉयलेट 22 लाख रूपए की लागत से बनेगा। चूड़ी बाजार में एक ही स्थान पर 8 टॉयलेट फरवरी तक बन कर तैयार होंगे। ऎसे ही टॉयलेट पुरानी मण्डी और डिग्गी बाजार में भी बनाए जाएंगे।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को चूड़ी बाजार में नगर निगम की भूमि पर पिंक टॉयलेट निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर देवनानी ने कहा कि लम्बे समय से महिलाओं को बाजारों में टॉयलेट नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड रहा था।
अजमेर के नया बाजार, चूड़ी बाजार, पुरानी मण्ड़ी, मदार गेट, डिग्गी बाजार, नला बाजार और ऎसे ही अन्य व्यस्ततम बाजारों में महिलाओंं के लिए अलग से टॉयलेट उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड रहा था। बाजार मेें खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओंं को राहत देने के लिए पिछले दिनों स्थान चिन्हित कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए थे।