जयपुर। आमजन में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण निर्माण के उद्देश्य से पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी आफ इंडिया (पीआरएसआई), जयपुर चैप्टर द्वारा सोमवार को मानसरोवर स्थित वैदिक पीजी महाविद्यालय में हाथ बढ़ाओ, हग करो (गले मिलो) और चरण स्पर्श विषयक फोटोग्राफी प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह और एक पेड़ मां के नाम अभियान का आयोजन किया गया।

विश्व जनसंपर्क दिवस पर प्रारंभ की गई फोटो प्रतियोगिता के लिए देशभर से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई थीं। विजेता प्रतिभागियों को महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती मंजू बाघमार और हरिदेव जोशी पत्रकारिता और जन संचार विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुधि राजीव ने पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती मंजू बाघमार ने कहा कि वर्तमान समय में हम नैतिक मूल्यों से दूर होते जा रहे हैं। बड़ों को चरणस्पर्श करने में हमें झिझक महसूस होती है। भीड़ के बीच भी हम अपने आप को अकेला महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे परिदृश्य में जरूरतमंद के लिए हाथ बढ़ाना, गले लगाना और बड़ों का आशीर्वाद ही काम करता है।