जयपुर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर शहर की सड़कों को सुधारने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। हाल ही में सार्वजनिक निर्माण विभाग ने 10 करोड़ रूपए की स्वीकृति जारी की है। शीघ्र ही और भी सड़कों के काम शुरू किए जाएंगे।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरूवार को वार्ड संख्या 80 में 42 लाख की लागत से सीसी सड़कों के निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में देवनानी ने कहा कि इस साल अतिवृष्टि के कारण शहर में बहुत सी सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। इस सड़कों को सुधारने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। हाल ही में 24 सड़कों के सुधार के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग ने 10 करोड़ रूपए की स्वीकृति जारी की है। इसी तरह अन्य सड़कों के कार्य भी शीघ्र शुरू करवाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय जारी संकल्प पत्र के 70 प्रतिशत से अधिक कार्य आरम्भ हो गए है। तेलंगाना हाऊस का आवंटन निरस्त किया गया है। साइन्स पार्क का पुनः शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि अजमेर उत्तर क्षेत्र अन्तिम सिरे से पर होने के कारण पेयजल आपूर्ति की समस्या रही है। अब इसे टेल एण्ड से फ्रण्ट एण्ड बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। यहां तीन रिजर्वायर बनाने के लिए 270 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है। भूमि आवंटन भी किया गया है।
बीसलपुर बांध से निर्भरता कम करने के लिए पहली बार फॉयसागर झील का पानी पेयजल के लिए उपलब्ध हुआ। इसी प्रकार अजमेर शहर के पारम्परिक जल स्त्रोतों 22 बावडियों का चिन्हीकरण कर पानी फिल्टर प्लांट तक लाया जाएगा। बीसलपुर बांध से पानी की आवक बढ़ाने के लिए इण्टेक वेल भी बनाया जाएगा। इससे अजमेर को 7 टीएमसी तक पानी उपलब्ध होगा। ईआरसीपी परियोजना से फॉयसागर को जोड़ने से हमेशा पानी भरा रहेगा। जलदाय विभाग के पम्पिंग स्टेशनों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए अतिरिक्त फीडर से जोड़ने के लिए भी पर्याप्त राशि स्वीकृत की गई है।