जयपुर, 19 जुलाई 2024:
राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा हुई। इस दौरान, जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने विभाग द्वारा किए गए कार्यों और आगामी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
खराड़ी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अल्प अवधि में कई महत्वपूर्ण कार्य किये गए हैं तथा कई नवीन योजनाओं का शुभारम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि जनजाति क्षेत्र में सामुदायिक वनाधिकार संभावित क्षेत्रों के आकलन के लिए एफआरए एटलस तैयार की जा रही है।
इस एटलस के माध्यम से ऐसे संभावित क्षेत्रों में सामुदायिक वनाधिकार पट्टे जारी कर विकास कार्य किये जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि सामुदायिक वनाधिकार क्षेत्रों में विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए गोविन्द गुरू जनजाति क्षेत्र विकास योजना प्रारम्भ करने की घोषणा की गई है।