भरतपुर | राजस्थान के भरतपुर जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां रुदावल थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से करीब 20 गायों की दर्दनाक मौत हो गई है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब गायों का एक बड़ा झुंड रेलवे ट्रैक पर खड़ा था। ट्रेन उन्हें रौंदती हुई निकल गई जिससे मौके पर ही भारी तबाही मच गई और पशुओं के शव बिखर गए।
सुबह के अंधेरे में हुआ भीषण हादसा
स्थानीय निवासी हेम सिंह कुशवाहा के अनुसार यह घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की है। आगरा की ओर से एक ट्रेन बयाना की तरफ काफी तेज गति से जा रही थी। नगला तुला और बंसी पहाड़पुर के बीच चुरारी डांग के पास अंधेरे में गायों का झुंड ट्रैक पर मौजूद था। ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि झुंड में मौजूद सभी गायें इसकी चपेट में आ गईं। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर गायों के शव क्षत-विक्षत हालत में दूर तक बिखर गए थे। इस दृश्य को देखकर स्थानीय लोग दहल गए और तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई।