जयपुर | भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज ‘‘आपणो राजस्थान सुझाव आपका, संकल्प हमारा’’ कार्यक्रम को लेकर प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान ‘‘मोदी साथे राजस्थान’’ गीत का प्रदर्शन भी किया गया।
प्रदेशभर से प्राप्त सुझावों वाली आकांक्षा पेटियों को भाजपा प्रदेश कार्यालय में लाया गया है, इन सभी सुझावों के आधार पर ही भाजपा का संकल्प पत्र तैयार किया जाएगा।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी (CP Joshi) ने कहा कि विगत 04 अक्टूबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ‘‘आपणो राजस्थान सुझाव आपका, संकल्प हमारा’’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया था। इस कार्यक्रम के तहत प्रदेश के 200 विधानसभा क्षेत्रों में 51 रथ भेजे गए थे, जिनमें 8000 आकांक्षा पेटियां सुझाव के लिए रखी गई थी।
इस कार्यक्रम के तहत प्रदेश में 5650 चौपालें आयोजित की गई और 2300 सम्मेलन भी आयोजित हुए। इस दौरान किसान, मजदूर, व्यापारी वर्ग सहित सभी वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर इस कार्यक्रम में भाग लिया। प्रदेश की जनता को विश्वास है कि भाजपा की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जो वादा करते हैं उसे पूरा करके दिखाते हैं।