जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को भरतपुर जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में जनसुनवाई कर आमजन के अभाव अभियोग सुने तथा मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को राहत पहुंचाने वाली केंद्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लोगों को लाभ पहुंचाने में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए। उन्होंने कहा कि जन समुदाय की मूलभूत आवश्यकताओं संबंधी समस्याओं का भी प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। शर्मा ने कहा कि व्यक्तिगत लाभ की योजनाओं तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से कोई पात्र व्यक्ति वंचित नही रहे।
मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता
मुख्यमंत्री ने जन सुनवाई के दौरान संवेदनशीलता दिखाते हुए दिव्यांग शिक्षक विजयसिंह के पास पहुंचकर उनकी परिवेदना सुनी तथा उनके स्थानांतरण सम्बन्धी प्रार्थना पत्र पर उचित कार्यवाही के निर्देश दिए।