जयपुर | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को सिरोही के स्वरूपगंज थाना क्षेत्र के लौटाना गांव में महाशिवरात्रि पर्व पर हुई वारदात में पुलिस कांस्टेबल निरंजन सिंह की मृत्यु पर शोक प्रकट करते हुए घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
मुख्यमंत्री ने कांस्टेबल निरंजन के एक आश्रित को सरकारी नौकरी सहित परिवार को विशेष आर्थिक सहायता पैकेज प्रदान करने की घोषणा की, जिसमें अन्य विभागीय परिलाभों सहित कुल 1 करोड़ 35 लाख रुपए मृतक कांस्टेबल के परिवार को प्राप्त होंगे।
उन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान जान गंवाने वाले कांस्टेबल निरंजन सिंह को नमन किया और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की।
विशेष आर्थिक पैकेज में राज्य सरकार की ओर से मृतक आश्रित को उसके गृह जिले अथवा पदस्थापन क्षेत्र में एमआईजी श्रेणी का आवास, छात्रवृत्ति, बिजली कनेक्शन इत्यादि हेतु कुल 20 लाख रुपए की विशेष आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।