जयपुर | मुख्य सचिव सुधांश पंत ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को हमेशा सकारात्मक दृष्टिकोण, साफ नीयत और ईमानदारी से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने का अवसर देती है, इसका लाभ उठाकर सदा सीखने की ललक रखनी चाहिए। उन्हें आमजन के जीवन को बेहतर एवं सरल बनाने के लिए बिना अहम के नई संभावनाओं को तलाशते रहना चाहिये।

पंत बुधवार को शासन सचिवालय में भारतीय प्रशासनिक सेवा-2023 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद कर रहे थे। इस दौरान मुख्य सचिव ने प्रशिक्षु अधिकारियों से परिचय कर उनसे अनुभव भी पूछे।
मुख्य सचिव ने भी इन अधिकारियों के साथ डिस्ट्रिक्ट ट्रैनिंग के अपने अनुभव साझा किये। उन्होंने बताया कि ट्रैनिंग के दौरान उन्हें कई अनुभवी एवं कर्मठ अधिकारियों का सानिध्य मिला एवं उनसे सीखी हुई बारीकियों ने चुनौतियों से पार पाने की दिशा में हमेशा पथ प्रदर्शक का काम किया।
