चौमूं | राजस्थान के जयपुर जिले के चौमूं कस्बे में शुक्रवार तड़के भारी बवाल और तनाव की स्थिति पैदा हो गई। बस स्टैंड के पास स्थित एक मस्जिद के बाहर से पत्थर हटाने के मुद्दे पर विवाद इतना बढ़ गया कि उग्र भीड़ ने मौके पर मौजूद पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस हिंसक झड़प में करीब छह पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस प्रशासन ने आंसू गैस के गोले छोड़े और इलाके में भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस की कड़ी चौकसी बनी हुई है।
विवाद की मुख्य वजह
प्रशासन के अनुसार, चौमूं शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और आमजन को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी कड़ी में मस्जिद के पास सड़क किनारे करीब 45 वर्षों से रखे पुराने पत्थरों को हटाने का निर्णय लिया गया था। इस संबंध में एक दिन पहले ही पुलिस-प्रशासन और मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इस बैठक में आपसी सहमति बनने के बाद ही इन पत्थरों को हटाने का फैसला लिया गया था ताकि सड़क चौड़ी हो सके।