20 साल से तरक्की की बाट जोह रहे हैं जालोर, सांचौर, सिरोही
पत्रकारों से संवाद में वैभव ने कहा कि आप अच्छी तरह जानते हैं कि जालोर लोकसभा क्षेत्र पिछले 20 वर्षों से तरक्की की बाट जोह रहा है। यहां लगातार भाजपा सांसद रहे, देवजी पटेल तो लगातार 15 वर्षों तक यहां के सांसद रहे, लेकिन जालोर, सिरोही जिलों को तो छोड़ो, सांचौर क्षेत्र का भी विकास वे ढंग से नहीं करा पाए। उन्होंने कहा कि आज भी हमारे मारवाड़ी भाई-बंधु पेयजल, सिंचाई जल, बुनियादी विकास, रोजगार, पलायन से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं। जालोर लोकसभा क्षेत्र में प्रवासी बंधुओं के लिए न ट्रेन कनेक्टिविटी है न ही एयर कनेक्टिविटी।
आने-जाने के लिए जोधपुर या अहमदाबाद जाना पड़ता है। ग्रेनाइट, पर्यटन, जीरा, सौंफ के उद्योग यहां की पहचान हैं, लेकिन इन उद्योगों के विकास के लिए भाजपा ने कुछ नहीं किया। युवाओं, महिलाओं के विषयों को भी भाजपा सांसदों ने दरकिनार किया है। कहने को डबल इंजन की सरकार है, लेकिन वह विकास के लिए नहीं केवल राजनीति करने के लिए है।
जोधपुर की तर्ज पर विकसित होगा जालोर
वैभव ने कहा कि अशोक गहलोत के नेतृत्व में पिछली कांग्रेस सरकार ने जनकल्याण के लिए काफी काम किया है। बुनियादी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई से राहत, पशुबीमा आदि क्षेत्रों में कई अनूठे निर्णय लिए गए। लेकिन साढ़े तीन महीने की भाजपा सरकार ने जिस तरह योजनाओं को बंद किया है, उससे जालोर की जनता में नाराजगी है। मैं आपको विश्वास दिलाना चाहता हूं कि अशोक गहलोत ने जिस तरह जोधपुर का विकास कराने में जान झोंक दी, वहां हर सुख-सुविधा उपलब्ध कराई, विश्व पटल पर जोधपुर का नाम ऊंचा किया, वैसे ही प्रयास मैं जालोर लोकसभा क्षेत्र के लिए करूंगा। जालोर, सांचौर और सिरोही तीनों जिलों को पिछड़ा नहीं रहने दिया जाएगा।

जनता, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों से संवाद कर तैयार किया वचन पत्र
वैभव ने कहा कि यह वचन पत्र आमजन की समस्याओं, मांगों, जरूरतों और भावी संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए गहन विचार-विमर्श के बाद तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि वे जालोर लोकसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं और प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से संवाद कर रहे हैं। जालोर, सांचौर और सिरोही तीनों ही जिलों के लोगों की आवश्यकताओं को लेकर जनता, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर तरक्की एक्सप्रेस का रोडमैप तैयार किया है।
क्षेत्र की तरक्की के लिए स्थानीय विकास जरूरी: रतन देवासी
इस मौके पर रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी ने अपने संबोधन में कहा कि जालोर, सांचौर और सिरोही की तरक्की के लिए स्थानीय विकास जरूरी है। कांग्रेस पार्टी स्थानीय विकास को महत्व देती है, इसीलिए जब-जब कांग्रेस की सरकार रही है, तब-तब पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों का विकास हुआ है। नर्मदा का पानी आज यहां पहुंच रहा है तो वह पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रयासों से संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि वैभव गहलोत के मैनिफेस्टो में पानी, ट्रेन, रोजगार जैसे स्थानीय विकास के मुद्दों को पूरी प्राथमिकता से शामिल किया गया है। उन्होंने भराेसा दिलाया कि वैभव गहलोत आमजन की इन समस्याओं को दूर करने में जी-जान लगा देंगे। मैनिफेस्टो लॉन्चिंग में जालोर कांग्रेस जिलाध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल, हेम सिंह शेखावत सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
व्हॉट्सएप नंबर के जरिए जान सकते हैं मैनिफेस्टो के बिंदु
वैभव गहलोत ने कहा कि उनके वचन पत्र में क्षेत्र के विकास के लिए कई अभिनव पहल शामिल की गई हैं। साथ ही जिन मांगों को पूरा करने का प्रण लिया गया है, उसकी जानकारी व्हॉट्सएप के जरिए ली जा सकती है। आमजन 8468848484 व्हॉट्सएप नंबर के जरिए मैनिफेस्टो डाउनलोड़ कर सकता है, पढ़ सकता है।
कांग्रेस प्रत्याशी वैभव गहलोत के प्रमुख वादे