जयपुर । ऊर्जा मंत्री एवं टोंक जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने निर्देश दिए है कि अतिवृष्टि से हुए फसलों के नुकसान की गिरदावरी का कार्य जिम्मेदारी और समय पर पूर्ण करवाकर किसानों को उचित मुआवजा दिलवाया जाएं।

जिला प्रभारी मंत्री ने गुरुवार को टोंक जिला परिषद सभागार में बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की प्रगति, जिले में अतिवृष्टि से हुए सरकारी परिसम्पतियों के नुकसान की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की भावना के अनुरूप बजट घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए सभी अधिकारी त्वरित कार्रवाई करें।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि बजट घोषणाएं जल्द लागू हो, इसलिए जिला व उपखंड स्तरीय अधिकारी घोषणाओं के क्रियान्वयन के लिए गंभीरता दिखाएं। प्रभारी मंत्री ने जिले से संबंधित सभी घोषणाओं की विभागवार समीक्षा की और प्रत्येक घोषणा की स्थिति के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घोषणा के क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग की जाएं।