उप मुख्यमंत्री एवं अजमेर जिले की प्रभारी मंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को राज्य सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर अजमेर जिले के सूचना केन्द्र की नवनिर्मित आर्ट गैलेरी में जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और जिला विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया।
दिया कुमारी ने जिला विकास प्रदर्शनी में विभागवार लगाई गई स्टॉल्स का अवलोकन किया। इसमें सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि विभाग द्वारा उन्नत फसल के बीज एवं उत्पाद, सहित जिले के पंच गौरव प्रदर्शन स्टाल का भी अवलोकन किया। इसमें एक जिला एक उपज में गुलाब, एक प्रजाति नीम, एक उत्पाद ग्रेनाइट, एक खेल कबड्डी एवं एक पर्यटक स्थल पुष्कर के कियोस्क की सराहना की।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सूचना केन्द्र में नवनिर्मित आर्ट गैलेरी को जवाहर कला केन्द्र की तर्ज पर विकसित करने की बात कही। इससे सूचना केन्द्र अजमेर की सामाजिक, सांस्कृतिक, कला, शैक्षिक एवं सहशैक्षिक गतिविधियों का केन्द्र बनेगा। इसके लिए प्रस्ताव बना कर समक्ष स्तर पर भिजवाने के निर्देश उप मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए। इसके विकसित होने से अजमेर के प्रबुद्ध वर्ग, कलाकारों, रंगकर्मियों, छायाकारों एवं अन्य वर्गों को लाभ मिलेगा।
दिया कुमारी ने कहा कि सरकार ने पंच गौरव के रूप में एक नई शुरूआत की है। इससे स्थानीय उत्पदों तथा परम्पराओं को नया मंच मिलेगा। पुष्कर के गुलाब, किशनगढ़ के ग्रेनाईट, ग्रामीण क्षेत्रों का खेल कबड्डी तथा पुष्कर के पर्यटक स्थलों की पहुंच नए क्षेत्रों में होगी। इस कारण आर्थिक गतिविधियों के बढ़ने के साथ ही क्षेत्र मेंं रोजगार के क्षेत्र में बढ़ोतरी होगी।