जयपुर। अनंत चतुर्दशी की पूर्व संध्या पर मुमहाराव उम्मेद सिंह द्वितीय की जयंती समारोह का आयोजन किया गया। हाड़ौती क्षत्रिय शिक्षा प्रचारिणी समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी थी। उन्होंने माँ भगवती एवं महाराव उम्मेद सिंह द्वितीय की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि आधुनिक कोटा की नींव महाराव उम्मेद सिंह द्वितीय ने रखी थी और उनकी दूरदर्शिता के कारण कोटा का निरंतर विकास हुआ है। उन्होंने महाराव उम्मेद सिंह द्वितीय के हाड़ौती क्षेत्र में शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, वन, भू राजस्व, और पशुधन के क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को याद किया।
उपमुख्यमंत्री ने महिलाओं के शिक्षा, खेलों एवं नौकरी के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने को विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि समारोह में उपस्थित मातृशक्ति का सम्मान करते हुए उन्हें गौरव का अनुभव हो रहा है।