जयपुर । राज्य सरकार की मंशा अनुसार जनभावना के अनुरूप पारदर्शी एवं संवेदनशील वातावरण में आमजन की परिवेदनाओं एवं समस्याओं की सुनवाई के साथ-साथ त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित हो। यह कहना है जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी का। जिला कलक्टर ने यह बात जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही।
कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला कलक्टर ने विभागवार फ्लैगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में डॉ. सोनी ने कहा कि जन परिवेदनाओं का स्थानीय स्तर पर ही समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान हो ताकि परिवादी को जिला स्तर तक ना आना पड़े। साथ ही उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारी कंट्रोल रूम पर प्राप्त शिकायतों पर भी कार्रवाई करें ताकि आमजन तक जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जा सके।
10 दिसंबर तक विद्युत विहीन विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन हाे सुनिश्चित जिला कलक्टर ने शिक्षा विभाग एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को आगामी मानवाधिकार दिवस, 10 दिसंबर 2024 तक ’अभियान उजास’ के तहत जिले के विद्युत विहीन राजकीय विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने अधिकारियों को राजकीय विद्यालयों एवं विद्यालयों में संचालित पुस्तकालयों का नामकरण प्रेरक व्यक्तित्वों के नाम पर करने की प्रक्रिया अमल में लाने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को राजकीय विद्यालयों में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति करने एवं सभी बालिका विद्यालयों में टॉयलेट निर्माण करवाने के लिए भी निर्देशित किया।