thinQ360
thinQ360
🏠 टॉप 🔥 राजनीति 🌺 ज़िंदगानी 🏏 खेल 🎬 मनोरंजन 👤 शख्सियत 💻 तकनीक ✍️ Blog ⭐ सफलता की कहानी 🚨 क्राइम 💡 मनचाही ▶️ YouTube
राजस्थान

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने की समीक्षा बैठक

thinQ360 thinQ360 29

HIGHLIGHTS

  1. 1 शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के लिए बीएसआर रेट जारी करने वाला राजस्थान पहला राज्य है। इसके अनुसार अधिकतर निविदा जारी होने के उपरांत कार्यादेश जारी कर कुछ स्थानों पर कार्य आरम्भ किया जा चुका है
education minister madan dilawar held a review meeting

जयपुर । शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री  मदन दिलावर ने गुरूवार को अजमेर मेंसंभाग के जन प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली । इसमें स्वच्छ भारत मिशन, घुमन्तु, अर्द्धघुमन्तु परिवारों को पट्टा वितरण तथा पौधारोपण सहित विभिन्न बिन्दुओं की जिलेवार समीक्षा की गई।

शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के लिए बीएसआर रेट जारी करने वाला राजस्थान पहला राज्य है। इसके अनुसार अधिकतर निविदा जारी होने के उपरांत कार्यादेश जारी कर कुछ स्थानों पर कार्य आरम्भ किया जा चुका है। शहरों की तर्ज पर गांवों में भी घर-घर कचरा संग्रहण नए वर्ष से आरम्भ करने की सरकार की मंशा को धरातल पर उतारा जाएगा। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी द्वारा इस पर फोकस करने का कार्य किया जा रहा है।

ग्रामीण क्षेत्रों की स्वच्छता गतिविधियों के लिए सरकार के पास पर्याप्त बजट है। सरकार द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि स्वच्छता के मद की राशि का उपयोग केवल स्वच्छता गतिविधियों के लिए ही होना चाहिए। इस राशि का अन्य कार्यों में उपयोग लेने पर संबंधित से व्यक्तिगत वसूली की जाएगी।

उन्होंने कहा कि ओडीएफ के अन्तर्गत यह सुनिश्चित किया जाए कि समस्त शौचालय कार्यशील हो, प्रत्येक व्यक्ति शौचालय का उपयोग करे। किसी भी व्यक्ति द्वारा खुले में शौच नहीं करना चाहिए। इसी प्रकार ओडीएफ प्लस में ग्रामीण क्षेत्रों में तरल एवं ठोस कचरा प्रबन्धन पर फोकस किया जाएगा। राजस्थान राज्य स्वच्छ दिखना चाहिए।

यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। सफाई नियमित होनी चाहिए। स्वच्छकारों को कार्य मिलना सुनिश्चिित करने के लिए ठेके की शर्तों में परिवर्तन कर पुनः ठेके किए गए है। इससे स्थानीय स्वच्छकारों को रोजगार मिलने के साथ ही पूरा भुगतान भी होगा। निर्धारित आठ घण्टे से अधिक कार्य करने पर ऑवर टाईम का भी प्रावधान किया गया है। सफाई मॉनिटरिंग के लिए ऑनलाईन तरीका अपनाया जाएगा। सफाई नहीं होने पर ठेकेदार से जुर्माना वसूला जाएगा।

प्लास्टिक एवं डिस्पोजल सामग्री से दूर रहने का दिलाया संकल्प

शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्मिकों को प्लास्टिक एवं डिस्पोजल सामग्री से दूर रहने का संकल्प दिलाया। समस्त व्यक्तियों ने दोनों हाथ उठाकर सहमति जताई। बैठक में भी प्लास्टिक तथा डिस्पोजल सामग्री का उपयोग नहीं किया गया था। प्लास्टिक, पॉलीथीन एवं डिस्पोजल सामग्री से पर्यावरण को होने वाली क्षति के बारे में अवगत कराया। खेती के लिए भी यह सामग्री नुकसानदायक है। गायों पर भी इनके दुष्प्रभाव होते हैं। डिस्पोजल सामग्री से बचने के लिए गांवों में बर्तन बैंक बनाए जाएं। समारोह में पत्तल जैसी सामग्री का इस्तेमाल करें।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाकर चरागाहों से अतिक्रमण हटाया जाए। इसके लिए अतिक्रमणों को चिन्हित करें। जल स्त्रोतो एवं चरागाहों के लिए गठित कमेटियां कार्यशील रहनी चाहिए। इन समितियों के लिए मनोनीत सदस्यों के नाम जनप्रतिनिधियों से लिए जाएं। कमेटियों में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण करें। परम्परागत जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष ध्यान दें।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी एक दूसरे के पूरक होते है। अधिकारी प्रतिमाह चार रात्रि विश्राम ग्रामीण क्षेत्रों में सुनिश्चिित करें। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकास की समस्या का समाधान आपसी सहमति से हो सकता है। यहां बनने वाली सड़क के साथ नाली का प्रावधान रहता है। नाली नहीं बनाने वाले ठेकेदार को सड़क का भी भुगतान न करें।

उन्होंने कहा कि विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्ध घुमन्तु व्यक्ति देश की धरोहर हैं। इन्हें आवास उपलब्ध कराना समाज तथा सरकार की जिम्मेदारी है। ऐसे प्रत्येक परिवार को भूखण्ड मिलना चाहिए। इन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए आवास भी बनाए जाएंगे। इन्हें पट्टा वितरण का अभियान अभी जारी है। प्रदेश के 31 हजार से अधिक परिवारों को बसन्त पंचमी के दिन पट्टे जारी करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान के अन्तर्गत राज्य में मानसून में 7 करोड़ पौधे लगाने का रिकॉर्ड बनाया गया है। इन पौधों की सुरक्षा करें। इन्हें पेड़ बनाने के लिए मनरेगा के माध्यम से सुरक्षा गार्ड लगाए गए है। सूखे एवं जले पौधों की जगह नए पौधे लगाएं। अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि इसकी भी मॉनिटरिंग करें।

इस अवसर पर अजमेर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी  अभिषेक खन्ना ने संभाग के जिलों की प्रगति से अवगत कराया। अजमेर विधायक श्रीमती अनिता भदेल, भीलवाड़ा विधायक  अशोक कुमार कोठारी, आसीन्द विधायक  जब्बर सिंह सांखला, मसूदा विधायक  विरेन्द्र सिंह कानावत, देवली विधायक  राजेन्द्र गुर्जर, ब्यावर विधायक  शंकर सिंह रावत एवं नसीराबाद विधायक  रामस्वरूप लांबा ने क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के बारे में चर्चा की।

बैठक में अजमेर जिला प्रमुख श्रीमती सुशील कंवर पलाडा, नागौर जिला प्रमुख  भागीरथ राम चौधरी, टोंक जिला प्रमुख सरोज कंवर, भीलवाड़ा जिला प्रमुख वरजी बाई, अजमेर नगर निगम के उप महापौर  नीरज जैन, प्रशिक्षु आईएएस महिमा कसाना सहित समस्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, प्रधान एवं विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

टैग: Rajasthan Madandilawar
शेयर करें: