जयपुर। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल एवं राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत ने शनिवार को जोधपुर जिले की ग्राम पंचायत मोगड़ा कलां में 307.27 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास एवं लोकार्पण कर जनसभा को संबोधित किया।
इस अवसर पर पटेल ने कहा प्रदेश सरकार द्वारा युवा हितों को ध्यान में रखकर पेपर लीक गिरोह पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अनेक अवसर प्रदान किए जा रहे है। सरकार द्वारा इस वर्ष 1 लाख एवं 5 वर्ष में 4 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी।
पटेल ने कहा जोधपुर में 12 दिसंबर को आयोजित राज्य स्तरीय युवा रोजगार उत्सव में 15000 लोगों को नियुक्ति पत्र दिए गए। साथ ही वर्षों बाद चतुर्थ श्रेणी एवं ड्राइवर पद सहित सभी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती निकाल जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में प्रदेश के किसानों के बैंक खातों में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की दूसरी किस्त हस्तांतरित की गई है। उन्होंने कहा किसान आदान-अनुदान राशि किसानों के बैंक खातों में शीघ्र हस्तान्तरित की जाएगी। साथ ही मूंग का फसल बीमा राशि किसानों को शीघ्र दिलवाई जाएगी।