जयपुर । केंद्रीय संस्कृति एंव पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पिछले दस वर्षों में हमारी सांस्कृतिक शक्ति समूचे विश्व में तेजी से स्थापित हो रही है, लोकप्रिय हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय संस्कृति पूरी तरह से उभर कर सामने आई है। यही नहीं, भारत आज आर्थिक और सामरिक ताकत के रूप में विश्व में स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कल्चरल इकोनॉमी भी मान्यता प्राप्त कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही हमारी कल्चरल इकोनॉमी फॉर्मल इकोनॉमी में बड़ा योगदान देगी।
केन्द्रीय मंत्री रविवार को केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में उदयपुर के हवाला रानी रोड स्थित शिल्पग्राम में पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर द्वारा आयोजित विश्व प्रसिद्ध शिल्पग्राम महोत्सव में सैकड़ों कला प्रेमियों से खचाखच भरे मुक्ताकाशी मंच से संबोधन दे रहे थे। उनके साथ सांसद मन्नालाल रावत, भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की संयुक्त सचिव अमिता प्रसाद और पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर के निदेशक फुरकान खान भी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि राजस्थान बहुआयामी संस्कृति से समृद्ध प्रदेश है। उन्होंने पन्नाधाय के बलिदान, हाड़ी रानी के शीशदान और रानी पद्मिनी के जौहर के साथ ही मेवाड़ के शौर्य और यहां की संस्कृति का जिक्र करते हुए कहा कि यहां आसपास आदिवासी संस्कृति का अनूठा सम्मिश्रण है। उन्होंने रेगिस्तानी इलाके की समृद्ध संस्कृति की बात करते हुए कहा कि वहां सूखे और अभावों के बावजूद लोगों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को पूरे जतन से सहेज रखा है।
इससे पूर्व भारत सरकार की संयुक्त सचिव अमिता प्रसाद ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्र के निदेशक फुरकान खान ने अमिता प्रसाद और सांसद मन्नालाल रावत का स्वागत किया। वहीं, केंद्र के निदेशक फुरकान खान ने अतिथियों और आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया और शिल्पग्राम महोत्सव के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने मेलार्थियों का आर्टिजन के उत्पाद खरीदने का आह्वान किया।