जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल एवं चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देश पर प्रदेश में "शुद्ध आहार- मिलावट पर वार" अभियान निरंतर जारी है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा आयुक्त इकबाल खान के निर्देशन में सोमवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने राधा गोविंद जूस सेंटर, मानसरोवर पर निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई की।

अतिरिक्त आयुक्त पंकज ओझा ने बताया कि यहां फलों के भंडारगृह में और फ्रीज में भारी मात्रा में गंदगी पाई गई। फ्रोजन डेजर्ट और रंग डालकर जूस बनाए जा रहे थे। ताजे फलों से जूस बनाने के बजाय फलों को कई दिन पूर्व ही काटकर फ्रीज़ों में भर रखा गया था। साथ ही मिलाया जा रहा था, हानिकारक रंग और पाम आयल का फ्रोजन डेजर्ट।
