जालोर | राजस्थान के जालोर जिले के एक होनहार युवा ने खेल जगत में जिले का मान बढ़ाया है। कानीवाड़ा निवासी निशानेबाज राघवेंद्र सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित 68वीं नेशनल राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में 606 अंक प्राप्त कर क्वालीफाई स्कोर हासिल किया है। इस बड़ी प्रतियोगिता में देशभर से आए लगभग 3000 शीर्ष निशानेबाजों ने हिस्सा लिया था जिनके बीच राघवेंद्र ने अपनी जगह सुरक्षित की है।
कठिन परिश्रम और जयपुर में ट्रेनिंग
राघवेंद्र सिंह चौहान वर्तमान में जयपुर में रहकर अपनी पढ़ाई और खेल दोनों को समय दे रहे हैं। वे बीए फाइनल ईयर के छात्र हैं और पिछले करीब एक साल से जयपुर में रहकर ही राइफल शूटिंग की प्रोफेशनल ट्रेनिंग ले रहे हैं। सीमित संसाधनों और बेहद कठिन प्रतिस्पर्धा होने के बावजूद राघवेंद्र ने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने निरंतर अभ्यास और कड़े अनुशासन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा को साबित कर दिखाया है। उनकी इस सफलता ने साबित कर दिया है कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता।