जयपुर: जयपुर (Jaipur) के वैशाली नगर (Vaishali Nagar) में JDA ने सड़क चौड़ीकरण हेतु शिव मंदिर (Shiv Mandir) को अतिक्रमण नोटिस दिया। धार्मिक भावनाएं आहत, शहर में बवाल।
राजधानी जयपुर के वैशाली नगर स्थित गांधी पथ पर जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) के सड़क चौड़ीकरण अभियान ने एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। जेडीए ने दर्जनों दुकानों और मकानों के साथ एक प्राचीन शिव मंदिर को भी अतिक्रमण का दोषी मानते हुए सीधे 'शिव मंदिर' के नाम नोटिस जारी किया। यह नोटिस 21 नवंबर को जारी हुआ, जिसमें भगवान शिव से 7 दिन में जवाब मांगा गया और 28 नवंबर को दस्तावेजों सहित हाजिर होने का आदेश दिया गया है।
नोटिस में जेडीए की चेतावनी
नोटिस मंदिर की बाउंड्री वॉल पर चस्पा है। इसमें बताया गया है कि हाईकोर्ट की रिट पिटीशन नंबर 658/2024 के तहत गांधी पथ को 100 फीट चौड़ा किया जा रहा है। जेडीए की सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, मंदिर की बाउंड्री वॉल सड़क की निर्धारित लाइन में 1.59 मीटर अंदर आ रही है, जिसे अतिक्रमण माना गया है। जेडीए ने चेतावनी दी है कि तय समय में जवाब न मिलने पर एकतरफा कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया जाएगा।