जयपुर - भजनलाल सरकार एक तरफ युवाओं को हर महीने नौकरी देने का वादा कर रही है, और दूसरी तरफ सरकारी नौकरी में पदों को समाप्त कर रही है। 18 जून को सरकार ने सिंचाई विभाग में 145 पटवारी पदों को समाप्त कर दिया। यह निर्णय ऐसे समय पर लिया गया जब सरकार लगातार युवाओं को रोजगार देने की बात कर रही थी।
सरकार ने मुख्य अभियंता, जल संसाधन उत्तर हनुमानगढ़ (BFC Unit-210) के अधीन आने वाले 145 पटवारी पदों को समाप्त करने का आदेश 18 जून को जारी किया।
किसान संगठनों में आक्रोश
इन आदेशों के बाद किसान संगठनों में भी आक्रोश फैल गया है। उनका मानना है कि नहरी पटवारी के कार्यों को अब नहरी अध्यक्षों को सौंप दिया गया है, जिन्हें इन कार्यों का पर्याप्त ज्ञान नहीं है। इससे भ्रष्टाचार बढ़ने की संभावना है। किसान अब अपने नहरी पानी के लिए पर्ची कटवाने और अन्य कार्यों के लिए भटकते रहते हैं, जिससे उनकी समस्याएं बढ़ गई हैं।