शिवगंज | राजकीय जिला चिकित्सालय में व्यवस्थाओं की अनदेखी और पत्रकारों पर किए जा रहे उत्पीड़न को लेकर शनिवार को स्थानीय पत्रकारों ने राज्यमंत्री ओटाराम देवासी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. गोपालसिंह को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की।
पत्रकारों का आरोप है कि अस्पताल में मौसमी बीमारियों और अव्यवस्थाओं के चलते मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में सफाई की बदहाल स्थिति और चिकित्सकों की अनुपस्थिति से मरीजों को लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। इसके बावजूद पीएमओ डॉ. गोपालसिंह इन समस्याओं को उजागर करने वाले पत्रकारों के खिलाफ द्वेषपूर्ण कार्रवाई कर रहे हैं।
पत्रकारों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज
हाल ही में, अस्पताल से संबंधित खबरें प्रकाशित करने वाले दो पत्रकारों के खिलाफ पीएमओ ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। साथ ही, उन्हें अस्पताल में प्रवेश करने से रोकने और दबाव बनाने का प्रयास किया। पत्रकारों का कहना है कि यह कार्रवाई उनकी स्वतंत्रता पर हमला है।