जयपुर | राजस्थान के कोटपूतली से किशनगढ़ के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नए साल में प्रस्तावित फोर लेन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य शुरू होने की पूरी संभावना है। यह एक्सप्रेसवे कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, जयपुर और अजमेर जिले से होकर गुजरेगा। 6000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तैयार होने वाला यह 208 किमी लंबा मार्ग सफर को काफी सुगम बना देगा।
सफर के समय में होगी बड़ी बचत
इस एक्सप्रेसवे के तैयार होने के बाद कोटपूतली से किशनगढ़ पहुंचने में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा। वर्तमान में जहां इस दूरी को तय करने में लगभग 6 घंटे का समय लगता है, वहीं एक्सप्रेसवे बनने के बाद यह सफर मात्र 2 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। इससे यात्रियों के करीब 90 मिनट की बचत होगी। इस मार्ग पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 120 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है जिससे तेज और सुरक्षित यात्रा संभव हो पाएगी।