जयपुर । राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान देवनानी ने बिरला को पुष्प गुच्छ भेंट कर उन्हें राजस्थान विधान सभा के आगामी सत्र, विधान सभा के सदन के नये स्वरूप, सदन को पेपरलैस किये जाने की प्रगति की जानकारी देते हुए उन्हें राजस्थान कॉन्स्टीट्यूशन क्लब के शुभारम्भ करने के लिए आमंत्रण दिया।
राजस्थान विधानसभा बनेगी देश की सर्वश्रेष्ठ विधानसभा-
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को विधानसभा के सदन की कार्यवाही को पेपरलैस बनाये जाने की नेवा परियोजना की प्रगति की जानकारी दी।
बिरला ने देवनानी को कहा कि संसद की विशेष टीम राजस्थान विधानसभा की पेपरलैस प्रोजेक्ट का तकनीकी अध्ययन करेगी। इस टीम द्वारा दिये जाने वाले सुझावों के क्रियान्वयन में केन्द्र सरकार राजस्थान विधानसभा की मदद करेगी। देवनानी की बिरला से राजस्थान विधानसभा को अन्य राज्यों की तुलना में देश की सर्वश्रेष्ठ विधानसभा बनाये जाने वाले आवश्यक बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
कॉन्स्टीट्यूशन क्लब का शुभारम्भ करेंगे लोकसभा अध्यक्ष-
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को राजस्थान कॉन्स्टीट्यूशन क्लब के शुभारम्भ किये जाने के लिए आमंत्रित किया। बिरला ने कहा कि जनवरी माह में क्लब का शुभारम्भ कर दिया जायेगा। इसके लिए उनके कार्यक्रम की स्वीकृति शीघ्र ही राजस्थान विधानसभा को भिजवा दी जावेगी। देवनानी ने बताया कि देश के विधान मण्डलों में राजस्थान विधानसभा ऐसी पहली विधान सभा है जहां कॉन्स्टीट्शन क्लब का निर्माण किया गया है। नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्शन क्लब की तर्ज पर जयपुर में कॉन्स्टीट्शन क्लब का निर्माण किया गया है।