जयपुर । राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि आज का युवा भविष्य का नहीं बल्कि आज का नागरिक है। युवा भारतीय संस्कृति पर गर्व करें। युवा सपने देखें, अपना लक्ष्य तय करें और उसी के अनुरूप अपने जीवन को बनाने का प्रयास करें।
देवनानी बुधवार को यहां हरमाड़ा स्थित मेहता ग्रुप ऑफ कॉलेज के प्रांगण में आयोजित युवा संसद को सम्बोधित कर रहे थे। देवनानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर युवा संसद का शुभारम्भ किया। देवनानी ने कहा कि भारत का भविष्य उज्ज्वल है। भारत विश्व गुरु है और रहेगा। विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में सभी को सक्रिय सहभागिता निभानी है।
युवा अपने जीवन का लक्ष्य तय करें और उसी दिशा में बढें -
देवनानी ने कहा कि युवा जीवन में अपने लक्ष्य के प्रति जुनून रखें, जल्दी उठें, योग करें, निरोगी रहें, मन में ऊर्जा का संचार करें, घबराएं नहीं एवं निरन्तर अपने कार्य को करते हुए आगे बढते रहें। उन्होंने कहा विपरित परिस्थितियों को बदलने का सामर्थ्य युवाओं में होता है। युवा स्वामी विवेकानन्द के आदर्श को हमेशा याद रखें।
भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने में बने सहभागी -
युवा उठे, जागे और तब तक नहीं रूके जब तक उन्हें लक्ष्य की प्राप्ति ना हो। युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वावलम्बी बने और भ्रष्टाचार मुक्त भारत को बनाने में सहभागी बने।