महिला मोर्चे की कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर ’थाली’ बजाएंगी और गहलोत सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेगी।
महिला अत्याचार और कानून व्यवस्था होगा मुद्दा
महिला मोर्चे की कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के बाद महिला अत्याचार और कानून व्यवस्था को लेकर सीएम हाऊस का घेराव करेंगी।
अपने इस थाली बजाओं प्रदर्शन को लेकर प्रदेश बीजेपी मुख्यालय में सांसद दीया कुमारी (Diya Kumari) ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि राजस्थान में पिछले 4 सालों में महिलाओं और बालिकाओं के साथ अत्याचार और अपराध की घटनाएं बढ़ी है, लेकिन गहलोत सरकार गूंगी और बहरी बनकर बैठी है।
इस दौरान प्रेसवार्ता में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूजा कपिल मिश्रा, प्रदेशाध्यक्ष अल्का मूंदड़ा, ग्रेटर नगर निगम महापौर सौम्या गुर्जर, जिला प्रमुख रमा चौपड़ा और मीडिया संपर्क प्रमुख आनन्द शर्मा मौजूद रहें।
प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस का कुशासन, प्रदेश को किया शर्मसार रेप में नंबर 01 प्रदेश पोस्टर का विमोचन किया गया। वहीं इस दौरान ‘‘बेटियों का अपमान नहीं सहेगा राजस्थान’’ आक्रोशित गीत भी लॉंच किया गया।
सांसद दीया ने अपने आगामी प्रदर्शन की जानकारी देते हुए कहा कि 5 जुलाई को होने वाले प्रदर्शन पर बीजेपी की राष्ट्रीय मंत्री और प्रदेश सह-प्रभारी विजया राहटकर ने बीते दिनों कहा था कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता थाली नाद के जरिए कुंभकरणीय नींद में सोई गहलोत सरकार को जगाने का काम करने सड़कों पर उतर रही है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी राजस्थान की एक-एक बेटी और एक-एक मां के साथ खड़ी है।
सांसद दिया ने गहलोत सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि गहलोत सरकार अपराधों के आंकड़े छिपा रही है।
प्रदेश में विधानसभा चुनावों को देखते हुए जानबूझकर पिछले 6 महीने से अपराध के आंकड़ें जारी नहीं किए जा रहे हैं।
एनसीआरबी की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में लगातार महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ा है लेकिन यह सरकार कानों में रूई डालकर बैठी है।