जयपुर । विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पुलिस, परिवहन एवं यातायात विभाग को अजमेर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को स्मार्ट बनाने की जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि अब तक जैसा चलता रहा, उसे बदलें। ट्रैफिक को पूरी नियमों और आमजन की सुविधा को देखते हुए संचालित किया जाए। निजी बसें, ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा और सिटी बसें निर्धारित रूट और स्टैण्ड पर ही चलें। यातायात समस्या वाले क्षेत्रों के लिए विशेष प्लान बना कर काम किया जाए।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुधवार को शहर की यातायात संबंधी बैठक ली। उन्होंने पुलिस, परिवहन एवं यातायात विभाग को निर्देश दिए कि शहर में ट्रैफिक की व्यवस्था को तुरंत प्रभाव से सुधारा जाए। अब पुराने ढर्रे के बजाए पूरी तरह नियमों के अनुसार काम किया जाए। शहर में सबसे बड़ी समस्या बेतरतीब यातायात की है। इसे सुधारा जाए।
उन्होंने बताया कि शहर में विभिन्न स्थानों पर अवैध बस अड्डे संचालित है । इनमें गौरव पथ देवनारायण मंदिर, जवाहर रंगमंच के पास, आजाद पार्क के सामने, एसपी ऑफिस के पीछे, कलेक्ट्रेट के सामने, रोडवेज बस स्टैंड के सामने, कोर्ट परिसर के समीप अवैध वाहनों का संचालन दिनभर होता है। साथ ही टेंपो और सिटी बस निर्धारित स्टैंड पर रुकने के बजाय कहीं भी खड़ी हो जाती है। इससे यातायात प्रभावित होता है एवं दुर्घटना की संभावना रहती है। इस पर त्वरित प्रभाव से कार्यवाही की जाए।
उन्होंने अजमेर शहर में विभिन्न चौराहों पर निष्क्रिय ट्रैफिक सिग्नल चालू करने, सड़कों पर ब्रेकर नियमानुसार बनवाने, शहर के मुख्य चौराहों पर जेब्रा लाइन बनवाने, क्षतिग्रस्त डिवाइडर दुरुस्त करवाने को अधिकारियों को निर्देश दिए । जेएलएन अस्पताल, रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के बाहर बड़ी संख्या में ई-रिक्शा अव्यवस्था फैला रहे हैं। ई-रिक्शा का संचालन नियोजन अनुसार किया जाए।