जयपुर । उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि समाज की सेवा में भामाशाहों का सदैव प्रेरक योगदान रहा है। जीव जतन जन कल्याण ट्रस्ट द्वारा बीकानेर जिले के डूंगरगढ़ में नवनिर्मित राजकीय सदू देवी पारख कन्या महाविद्यालय भवन के लोकार्पण समारोह में गुरुवार को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने यह बात कही। उन्होंने जीव जतन जन कल्याण ट्रस्ट द्वारा शिक्षा के रूप में डूंगरगढ़ वासियों को दी गई इस सौगात के लिए पारख परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्य न केवल समाज के विकास में भामाशाहों की प्रतिबद्धता दिखाते हैं

बल्कि इससे व्यक्तियों की अपनी जड़ों और मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता भी प्रकट होती है । उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूती देने के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। यहां आवश्यकतानुसार स्टाफ उपलब्ध करवाया जाएगा। बैरवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हर व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण है हम सब अपने देश को विकसित बनाने में भागीदारी का संकल्प लें।

