जयपुर । उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी की उपस्थिति में महिला एवं बाल विकास विभाग के शासन सचिव कृष्ण कुणाल तथा चिल्ड्रन इन्वेस्टमेंट फंड फाउंडेशन (सीआईएफएफ) (यू के) की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, इंडिया, श्रीमती मंजुला सिंह के मध्य सोमवार को सचिवालय में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
प्रदेश में सीआईएफएफ इस एमओयू के तहत अगले पांच साल में महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के साथ मिलकर 350 करोड़ रूपये का बजट खर्च करेगा। जिसमें किशोरियों, महिलाओं और बच्चों के पोषण में सुधार के लिए कार्य किए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं, बच्चों और किशोरी बालिकाओं के समुचित विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने सीआईएफएफ के प्रतिनिधियों को कहा कि इसके लिए सीआईएफएफ ब्लॉक स्तर पर अपनी टीम को और क्रियाशील करें ताकि धरातल पर अच्छा परिणाम दिखे।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि सीआईएफएफ प्रदेशभर में पोषण गुणवत्ता पर निगरानी कर, अपना फीड बैक भी दे ताकि बेहतर सुधार किए जा सके। इसके साथ उन्होंने सीआईएफएफ प्रतिनिधियों से कहा कि वे पोषाहार की रेसिपी में किसी प्रकार की बदलाव की आवश्यकता हो तो वह भी फील्ड में फीडबैक लेकर अवगत करवाए।