नई दिल्ली/पाली | पाली जिले की हवाई कनेक्टिविटी की मांग एक बार फिर संसद में गूंजी। पाली सांसद और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री पीपी चौधरी ने गुरुवार को लोकसभा के प्रश्नकाल में पाली जिले को हवाई सेवाओं से जोड़ने की पुरजोर वकालत की।
उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से सोजत हवाई पट्टी को उड़ान योजना के तहत एक नए हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने की मांग की। सांसद चौधरी ने पाली जिले के बढ़ते आर्थिक महत्व और औद्योगिक विकास को ध्यान में रखते हुए इस कनेक्टिविटी की आवश्यकता को रेखांकित किया।
सांसद चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘उड़े देश का आम नागरिक’ योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना हवाई परिवहन के क्षेत्र में क्रांति लेकर आई है। इस योजना के तहत देश के छोटे शहरों को भी हवाई सेवा से जोड़ा गया है, जिससे दूरदराज के क्षेत्रों के नागरिकों को आवागमन में सुविधा हो रही है। उन्होंने सोजत एयरस्ट्रिप को मिनी एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने के लिए पूर्व में हुए प्रयासों का उल्लेख किया।