जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की अर्थव्यवस्था को अगले 5 सालों में 350 बिलियन डॉलर बनाने के सफर में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा। उन्होंने कहा कि 9 से 11 दिसम्बर को आयोजित होने वाला यह समिट राज्य में सम्भावनाओं के नए द्वार खोलेगा और राज्य को देश-दुनिया में निवेश के प्रमुख केन्द्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
शर्मा ने कहा कि इसमें होने वाले निवेश समझौतों से प्रदेश की हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति होगी और युवाओं के लिए भी रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
शर्मा सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ 9, 10 व 11 दिसम्बर को होने वाले विभिन्न आयोजनों, देश और विदेश से आने वाले अतिथियों के आगमन, उनके ठहरने तथा आयोजन स्थल से जुड़ी विभिन्न तैयारियों के बारे में विस्तृत चर्चा की। इस दौरान प्रमुख शासन सचिव उद्योग अजिताभ शर्मा तथा शासन सचिव पर्यटन, कला एवं संस्कृति रवि जैन ने अपने-अपने विभागों से जुड़ी तैयारियों के बारे में मुख्यमंत्री को विस्तार से जानकारी दी।