जयपुर । राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा है कि यह समय ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था का है। शिक्षा के साथ-साथ प्रौद्योगिकी, ज्ञान और नवाचारों से युवा 'विकसित भारत' की संकल्पना में अपनी महती भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी क्षेत्र के साथ निजी क्षेत्र की भी शिक्षा में महती भूमिका है।
भारतीय ज्ञान परम्परा के आलोक में वैश्विक स्तर पर राष्ट्र को अग्रणी करने के लिए सभी मिलकर कार्य करें। उन्होंने शिक्षा के जरिए भारत—जापान रिश्तों के अंतर्गत उद्यमिता, तकनीक और शिक्षा संबंधित सहयोग विकास के लिए ‘बायकॉन' जैसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।

राज्यपाल बागडे सोमवार को बियानी गर्ल्स कॉलेज द्वारा आयोजित 19वीं इण्डो-जापान अन्तर्राष्ट्रीय कान्फ्रेंस ‘बायकॉन-2024’ में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस समाज में छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने और उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के अधिकाधिक अवसर मिलते हैं, वही समाज तेजी से विकास की राहों की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने कहा कि भारत और जापान के संबंध सदियों पुराने हैं, जो न केवल हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत में झलकते हैं, बल्कि अब विज्ञान, प्रौद्यागिकी और नवाचार में भी नई ऊँचाइयों को छू रहे है।