जयपुर । राज्य के माइंस विभाग ने राजस्थान के करौली में आयरन ओर (लोह अयस्क) के 4 ब्लॉकों की कंपोजिट लाइसेंस के लिए ई-नीलामी प्रक्रिया शुरु करते हुए भारत सरकार के पोर्टल एमएसटीसी पर टेण्डर डाक्यूमेंट बिक्री के लिए उपलब्ध करा दिया है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के निर्देश और पहल पर खान विभाग ने पिछले दिनों ही करौली में हिण्डोन के पास करीब 1888 हैक्टेयर क्षेत्र में आयरन ओर ब्लॉकों के कंपोजिट लाइसेंस के लिए नीलामी की तैयारी शुरु की।
खान सचिव श्रीमती आनन्दी ने बताया कि करौली के हिण्डोन के पास खोड़ा, डेडरोली, टोडुपुरा और लीलोटी में आयरन ओर के 840 मिलियन टन से अधिक डिपोजिट के संकेत मिले हैं। राज्य सरकार द्वारा कंपोजिट लाइसेंस के लिए ई-नीलामी की जाएगी। आयरन ओर के नए डिपोजिट्स से प्रदेश में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा जो स्वयं खान मंत्री भी हैं, के मार्गदर्शन में नई सरकार बनते ही विभाग लगातार एक्शन मोड पर आ गया है। पहले 15 दिन का अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान चलाया गया, वहीं मेजर और माइनर ब्लाकों व आरसीसी ईआरसीसी ठेकों की नीलामी जारी है।
खान सचिव श्रीमती आनन्दी ने बताया कि करौली के आयरन ओर ब्लॉकों की ई-नीलामी में हिस्सा लेने के इच्छुक प्रतिभागी 15 मार्च तक एमएसटीसी पोर्टल से टैण्डर डॉक्यूमेंट अपलोड कर सकेंगे। देश-दुनिया में कहीं से भी ई-नीलामी में हिस्सा लेने के इच्छुक प्रतिभागी 4 अप्रेल को मध्यान्ह एक बजे तक बिड प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके बाद 22 अप्रेल को डेडरोली, 23 अप्रेल को खोडा, 24 अप्रेल को लीलोटी और 25 अप्रेल को टोडुपुरा आयरन ओर ब्लॉक की ई-नीलामी होगी।