Jaipur | राजस्थान में ग्रेड थर्ड टीचर भर्ती के लिए महिलाओं को 50% आरक्षण का प्रावधान केवल लेवल-1 (प्राथमिक) में लागू किया जाएगा। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने इस बात की पुष्टि की है। लेवल-1 में कक्षा 1 से 5वीं तक पढ़ाने वाले टीचर आते हैं, जबकि लेवल-2 में कक्षा 6 से 8वीं तक पढ़ाने वाले शिक्षक शामिल हैं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि छोटे बच्चों के लिए महिला शिक्षक होना महत्वपूर्ण है क्योंकि वे बच्चों को न केवल पढ़ाएंगी बल्कि उनकी देखभाल भी मां की तरह करेंगी। इससे बच्चों को एक शिक्षक के रूप में मां का प्यार मिलेगा और महिला शिक्षकों का सम्मान भी बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का समर्थन
ग्रेड थर्ड टीचर भर्ती में महिलाओं का आरक्षण बढ़ाने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को धन्यवाद देने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं उनके आवास पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ सेल्फी ली और कहा कि माताओं और बहनों का मातृत्व भाव घर और स्कूल दोनों में झलकता है। वे घर में बच्चों को संभालने के साथ-साथ स्कूल में भी बच्चों को संस्कार और प्रेरणा देंगी।