सिरोही । पंचायतीराज व ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने महाराष्ट्र के भायंदर में राजस्थानी मूल के प्रवासी नागरिकों के साथ भाषा को लेकर हुई मारपीट व दुर्व्यवहार को गंभीर घटना बताया है। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर इस घटना की कड़ी निंदा की है और उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
राज्यमंत्री देवसी ने बताया कि हाल ही में महाराष्ट्र राज्य के भायंदर क्षेत्र में अत्यंत चिंताजनक एवं निंदनीय घटना सामने आई है, जिसमें राजस्थानी मूल के नागरिक के साथ केवल इसलिए मारपीट एवं अभद्र व्यवहार किया गया क्योंकि वह मराठी भाषा में वार्तालाप नहीं कर सका।
देश की एकता एवं भाषायी समरसता की भावना को भी गहरा आघात पहुंचाया : राज्यमंत्री देवसी
इस प्रकार की अमानवीय एवं असंवैधानिक घटना ने न केवल महाराष्ट्र में निवासरत समस्त राजस्थानी समुदाय को व्यथित किया है, बल्कि देश की एकता एवं भाषायी समरसता की भावना को भी गहरा आघात पहुंचाया है। मेरे पास दूरभाष एवं अन्य माध्यमों से महाराष्ट्र में निवास कर रहे अनेक राजस्थानी नागरिकों ने इस घटना को लेकर अपनी चिंता, पीड़ा एवं असुरक्षा की भावना प्रकट की है। उन्होंने बताया कि राजस्थान मूल के नागरिक विगत कई दशकों ये महाराष्ट्र में व्यापार, उद्योग, सेवा क्षेत्र एवं अन्य सामाजिक सौहार्द में रचनात्मक भूमिका निभाई।