जयपुर । उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य में ऐतिहासिक/धार्मिक/ पर्यटन महत्त्व के पेनोरमा और भव्य रूप से अधिक से अधिक जानकारी युक्त बनाये जाए। उन्होंने कहा कि इन पेनोरमाओं पर अधिक से अधिक संख्या में पर्यटक पहुंचे यह सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिये कि राज्य में पर्यटकों और श्रृद्धालुओं को राज्य के गौरवशाली इतिहास और स्थलों के बारे में जानकारी प्रदान करने के लिये समयबद्ध रूप से कार्य-योजना बनाकर उसकी क्रियान्विति की जावे। उन्होंने महाराणा प्रताप सर्किट का भव्य रूप से निर्माण किये जाने के भी निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री ओंकार सिंह लखावत, प्रमुख शासन सचिव पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा पुरातत्व श्रीमती गायत्री राठौड़, पर्यटन निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा, आरटीडीसी प्रबंध निदेशक श्रीमती अनुपमा जोरवाल, अतिरिक्त निदेशक राकेश शर्मा की उपस्थिति में शुक्रवार को पर्यटन भवन में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण द्वारा संचालित पेनोरमाओं के सम्बन्ध में आयोजित समीक्षा बैठक में उक्त निर्देश दिए। उन्होंने राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के पेनोरमाओं/विकास कार्यों पर बिंदुवार चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उक्त विकास कार्यों के लिए विशेष स्थिति में अतिरिक्त बजट की आवश्यकता होने पर बजट आवंटित किया जाएगा।
दिया कुमारी ने पेनोरमाओं के निर्माण के समय महापुरूषों के जीवन को आधुनिक/डिजीटल संसाधनों का उपयोग कर उत्तम तरीके से दिखाने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑडियो वीडियों तथा आधुनिक तकनीक का उपयोग कर सभी पेनोरमाओं को समयबद्ध रूप से पर्यटकों को अधिक से अधिक जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाये।