जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गांधी जयंती के अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत देश में विभिन्न विकास कार्यों का वर्चुअल लोकार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मुख्यमंत्री निवास से वीसी के माध्यम से जुड़े।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने आजादी के आंदोलन के समय स्वच्छता का संदेश दिया था जिसे आगे बढ़ाते हुए हमने देश में स्वच्छ भारत मिशन की शुरूआत की थी।
अपार जन भागीदारी से यह मिशन अब जन आंदोलन बन चुका है। मोदी ने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा के तहत देशभर में स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन 15 दिनों में 27 लाख कार्यक्रम हुए जिनमें 28 करोड़ से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन करोड़ों भारतवासियों की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है तथा यह मिशन देश को नई ऊंचाईयों पर ले जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन विश्व भर में लोकप्रिय रहा। इस मिशन की सफलता पर कई विदेशी संस्थानों ने अध्ययन भी किया। यह मिशन न केवल बीमारियों के संक्रमण से बचाव में बल्कि महिलाओं को सम्मानित एवं सुरक्षित जीवन देने में भी मददगार साबित हुआ। उन्होंने कहा कि सफाईमित्रों ने इस मिशन को सफल बनाने में बहुत मेहनत की है। मिशन से सफाईमित्रों को मान-सम्मान मिला है, केन्द्र सरकार भी इन्हें सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध है।