जयपुर, 25 जून 2025: सीए डे (चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे) के उपलक्ष्य में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को आगे बढ़ाते हुए प्रजना फाउंडेशन एवं ICAI (The Institute of Chartered Accountants of India) की जयपुर ब्रांच द्वारा संयुक्त रूप से एक विशेष सैनिटरी पैड वितरण अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान 25 जून को सम्पन्न हुआ, जो 1 जुलाई को मनाए जाने वाले सीए डे की पूर्व संध्या पर आयोजित किया गया।
इस पहल के अंतर्गत जयपुर के झालाना डूंगरी क्षेत्र की एक कच्ची बस्ती में स्थानीय महिलाओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल उत्पाद वितरण तक सीमित नहीं था, बल्कि महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के महत्व को समझाना और उनसे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना भी था। इसके लिए एक जागरूकता सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी दी गई, जिससे वे स्वयं को और अपने परिवेश को स्वच्छ एवं सुरक्षित रख सकें।
इस अभियान का दूसरा चरण गांधी नगर स्थित अधीक्षक शिशु गृह में आयोजित किया गया, जहाँ संस्थान की युवतियों व महिलाओं को सैनिटरी नैपकिन प्रदान किए गए। इस दौरान विशेषज्ञों ने उन्हें मासिक धर्म स्वच्छता और इससे संबंधित स्वास्थ्य मुद्दों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इस सामाजिक पहल में प्रजना फाउंडेशन की ओर से विशिष्टा सिंह (मैनेजिंग ट्रस्टी) एवं प्राची खंडेलवाल (प्रोजेक्ट मैनेजर) ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं ICAI जयपुर ब्रांच की ओर से सीए विकास यादव (चेयरमैन, CIRC ऑफ ICAI - जयपुर ब्रांच), सीए रुचि गुप्ता सहित अनेक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और सदस्य भी उपस्थित रहे और उन्होंने अपने समय और प्रयास से इस कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।