जयपुर । जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने अजमेर में विकास कार्यो का शुभारम्भ कर रविवार को क्षेत्र के लिए पेयजल की सौगात प्रदान की । उन्होनें 456.98 लाख के जलाशय निर्माण का लोकार्पण तथा 86.16 लाख के उच्च जलाशय निर्माण का शिलान्यास किया गया।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के लिए जनता ने आशीर्वाद दिया है। आजादी के समय भारत और चीन लगभग बराबर थे। गलत नितियों के कारण 2014 तक भारत 11 वें और चीन दूसरे स्थान पर था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत की संकल्पना की है।
इसके लिए पानी, बिजली, सड़क तथा चिकित्सा की मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी अवसंरचनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के माध्यम से 100 करोड़ से अधिक की राशि पेयजल व्यवस्था के सुदृढीकरण के लिए उपलब्ध कराई है। राज्य सरकार अपने संकल्प पत्र को केन्द्र में रखकर कार्य कर रही है। इसके 40 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने वाले है। सरकार इसी गति से कार्य करते हुए 2 से 3 वर्षो में समस्त संकल्प पत्र के कार्य पूर्ण करने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार द्वारा पेजयल की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में कार्य नहीं किया गया। राजस्थान तथा मध्यप्रदेश में 2018 में समान दल की सरकार थी। उस समय से अब तक उन्होंने चम्बल, पार्वती, बनास एवं कालीसिंध से पानी लाने की परियोजना पर राजनीतिक की। वर्ष 2023 में नई सरकार आते ही 15 दिन में दोनों राज्यों के मध्य समझौता हो गया।