जयपुर: मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास (V. Srinivas) के पदभार ग्रहण करने के पांचवें दिन राजस्थान (Rajasthan) सरकार ने शीर्ष नौकरशाही में बड़ा फेरबदल किया। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 48 अधिकारियों के तबादले में मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में सबसे बड़ा बदलाव हुआ है। अखिल अरोड़ा (Akhil Arora) को सीएमओ में अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) नियुक्त किया गया है, जबकि शिखर अग्रवाल (Shikhar Agarwal) को सीएमओ से हटाकर उद्योग विभाग में भेजा गया है। देर रात जारी आदेशों में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिली हैं, जबकि कुछ की भूमिकाओं में कटौती की गई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय में महत्वपूर्ण बदलाव
इस फेरबदल में मुख्यमंत्री कार्यालय में महत्वपूर्ण नियुक्तियां और स्थानांतरण हुए हैं। अखिल अरोड़ा को सीएमओ में अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) का पदभार सौंपा गया है। उनके पास जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) का अतिरिक्त प्रभार भी बरकरार रहेगा। वहीं, पूर्व में सीएमओ में एसीएस रहे शिखर अग्रवाल को वहां से हटाकर उद्योग विभाग में एसीएस, रीको अध्यक्ष और राजसिको सीएमडी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया गया है।