जयपुर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास पर पूरी गंभीरता से ध्यान दे रही है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं को निखारा जा रहा है। राज्य सरकार ने मिशन ओलंपिक के लिए 100 करोड़ रूपए का बजट निर्धारित किया है। इससे प्रदेश में खेलों को गति मिलेगी।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को अजमेर जिले के सेन्ट्रल अकादमी स्कूल में 68 वीं राज्य स्तरीय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता के समापन समारोह में भाग लिया। उन्होंने कहा कि 15वीं शताब्दी से लेकर आज तक राइफल किसी न किसी प्रकार से उपयोग में अवश्य ली गई है, चाहे फिर यह सैनिक उद्देश्य के लिए उपयोग में आई हो अथवा मनोरंजन के साधनों के रूप में।
भारत में राइफल की शुरुआत ब्रिटिश औपनिवेशिक काल के दौरान सैनिक बटालियन में की गई। अंग्रेजी सेना में शामिल भारतीय सिपाहियों को राइफल उपलब्ध करवाई जाती थी। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से लेकर आज तक अपने परिवर्तित एवं परिवर्धित रूप में राइफल सदैव भारतीय सेना का एक महत्वपूर्ण भाग रही है।