जयपुर । वन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती अपर्णा अरोड़ा ने विभागीय अधिकारियों को इस वर्ष किए जाने वाले पौधारोपण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने तथा अगले साल के लिए अभी जिलेवार पौधारोपण की तैयारी के निर्देश दिए।
श्रीमती अपर्णा अरोड़ा सोमवार को यहां शासन सचिवालय में फ्रांस सरकार की विदेशी विकास शाखा (एएफडी) की ओर से फंडेड राजस्थान वानिकी और जैवविविधता विकास परियोजना (आरएफबीडीपी) की समीक्षा कर रही थीं।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने राज्य सरकार की मंशा के अनुसार 'हरियालो राजस्थान' अभियान के अंतर्गत 10 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पुरजोर प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि वानिकी अंतर्गत किसानों का चयन कर जयपुर, कोटा, बूंदी, बारां एवं धौलपुर जिले के काश्तकारों को 2.5 लाख पौधों का वितरण करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने वार्षिक कार्य योजना में वानिकी से छूटे हुए इलाके की पहचान कर पौधारोपण के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने वन्यजीव क्षेत्रों में इको टूरिज़्म विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के लिए निर्देशित किया।