जयपुर । कोटा जिले के प्रभारी एवं सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने कहा कि मानसून सीजन खत्म होने के साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने प्रदेशभर में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए हैं। बारिश का दौर खत्म होते ही पहली प्राथमिकता क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत होगी। प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर करना राज्य सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की गई बजट घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए त्वरित गति से कार्य किए जा रहे हैं।
प्रभारी मंत्री सोमवार को कोटा जिले के न्यू कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों की समीक्षा के दौरान संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सड़क सहित विभिन्न निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। सड़कें ऐसी हों जो लम्बे समय तक टिकें और बार-बार मरम्मत की आवश्यकता नहीं पडे़। उन्होंने सड़क मरम्मत की निविदा में पॉइन्ट-टू-पॉइन्ट मरम्मत के बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जांच टीम गठित कर वर्तमान में प्रगतिरत् कार्यों के साथ ही पूर्ण हो चुके कार्यों की भी गुणवत्ता जांच करने तथा गुणवत्ता खराब पाए जाने पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो सड़कें गारंटी पीरियड में हैं उन सड़कों की मरम्मत संबंधित कॉन्ट्रेक्टर फर्म से प्राथमिकता से करवाई जाए।
उन्होंने गारंटी पीरियड वाली सड़कों की सूची उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। दक ने विभिन्न विभागों के प्रगतिरत् कार्यों, पूर्ण हो चुके कार्यों एवं स्वीकृत कार्यों के बारे में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।