जयपुर। संसदीय कार्य, विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल ने शनिवार को जोधपुर सर्किट हाउस में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को त्वरित आवश्यक कार्यवाही कर आमजन राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार माननीय मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में विकसित एवं अग्रणी राजस्थान के ध्येय को साकार करने के लिए अनवरत कार्य कर रही है। उन्होंने कहा राइजिंग राजस्थान समिट से प्रदेश के औद्योगिक विकास के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
अधिकारी जन सरोकार से जुड़े कार्य नियत समय में संपादित करें—
पटेल ने कहा प्रदेश सरकार का लक्ष्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा अधिकारी जन सरोकार से जुड़े कार्य नियत समय में संपादित करें।आमजन की समस्याओं के निस्तारण के लिए सरकार द्वारा नियमित जनसुनवाई की जा रही है। उन्होंने कहा जनसुनवाई में प्राप्त परिवेदनाओं का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करके आमजन को राहत प्रदान की जा रही है।
