आबूरोड | नगर कांग्रेस कमेटी आबूरोड की कार्यकारिणी एवं कार्यकर्ताओं का स्नेह मिलन कार्यक्रम माउंट रोड स्थित राजा कॉटेज में आयोजित हुआ, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि "आज महिलाएं पानी की समस्या को लेकर टंकियों पर चढ़ रही हैं, शहरवासी घंटों तक अघोषित विद्युत कटौती से त्रस्त हैं, लेकिन भाजपा तिरंगा यात्रा की आड़ में अपनी विफलताओं को छुपाने में लगी हुई है।"
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी को पुष्प अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर नगर कांग्रेस की नवगठित कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को भारत के संविधान की प्रस्तावना का स्मृति चिन्ह एवं मोती की माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
संयम लोढ़ा ने कहा कि जिन लोगों ने आजादी के 50 वर्षों तक अपने मुख्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया, वे आज तिरंगा यात्रा निकालकर देशवासियों को तिरंगे का महत्व समझाने का ढोंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता सेना का हमेशा सम्मान करती है, लेकिन भाजपा को उन वादों की याद रखनी चाहिए जिनके आधार पर जनता ने उन्हें चुना था।
उन्होंने आरोप लगाया कि यूआईटी आबूरोड क्षेत्र का अनुचित विस्तार कर जनता को परेशान किया जा रहा है, जिससे पट्टा प्राप्त करना एवं निर्माण की अनुमति लेना बेहद महंगा हो गया है। इसके अलावा कृष्णावती नदी (जावाल) में अवैध बजरी खनन से सरकार के मंत्री व अफसर जेबें भर रहे हैं, और जब आमजन इसका विरोध करते हैं तो उन पर राजकार्य में बाधा डालने के मुकदमे दर्ज किए जाते हैं।
