अजमेर: सऊदी अरब (Saudi Arabia) में बस और डीजल टैंकर की भीषण टक्कर में 42 भारतीय हाजियों की मौत की खबर से देशभर में शोक की लहर है। अजमेर शरीफ दरगाह (Ajmer Sharif Dargah) में सोमवार को विशेष दुआ-ए-मगफिरत का आयोजन किया गया।
ख्वाजा गरीब नवाज रहमतुल्लाह अलैहि की दरगाह स्थित शाहजानी मस्जिद में दरगाह के खादिम सैय्यद सुल्तान रोमी बाबा ने इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले हाजियों के लिए माफी और उनके परिजनों को सब्र-ओ-जमील की दुआ मांगी। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद जायरीन ने भी हाथ उठाकर मृतकों की रूह की सलामती और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की दुआ की। यह हादसा पूरे देश के अकीदतमंदों के लिए गहरा सदमा लेकर आया है।
हादसे में जान गंवाने वालों के लिए विशेष दुआ
सऊदी अरब में हुए इस भीषण सड़क हादसे में 42 भारतीय हाजियों की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। अजमेर शरीफ दरगाह से जुड़े वरिष्ठ खादिम चिश्ती ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सऊदी हुकूमत हाजियों और जायरीन के लिए दुनिया की बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराती है, लेकिन जिस तरह यह दर्दनाक हादसा हुआ, उसने तमाम अकीदतमंदों को गहरे सदमे में डाल दिया है। उन्होंने विशेष रूप से हैदराबाद के 42 मुसाफिरों की मौत को अत्यंत दुखद बताया।